लोनिवि प्रमुख अभियंता ने किया देवाल-खेता सड़क का निरीक्षण
संवाद न्यूज एंजेसी
देवाल। लोनिवि के प्रमुख अभियंता दीपक यादव ने रविवार को देवाल-खेता सड़क के भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सुयालकोट घाटी के लिए वैकल्पिक सड़क बनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है जबकि सुयालकोट का स्लो प्रोटेक्शन वायर ड्रीलिंग तकनीक के तहत ट्रीटमेंट किया जाएगा। कहा कि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के माध्यम से श्रीनंदा राजजात सड़क थराली-देवाल-वाण सड़क का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क निधि में गया है जिसकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। वहीं पिंडर नदी के ओडर में स्वीकृत झूलापुल का काम भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
वन विश्राम गृह में प्रमुख अभियंता और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. दर्शन दानू ने थराली-देवाल-लोहाजंग-वाण काे हाॅटमिक्स करने और सुयालकोट घाटी के लिए नई सड़क बनाने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने, नंदा लोकजात से पहले श्री नंदा राजजात मार्ग को ठीक करने, पुश्ते और स्कपर निर्माण की मांग की। वहीं प्रस्तावित घेस-सरमता, उदयपुर-झलिया, चनियाली-नागाड़, रैन-फैटी-चौड़, मेलखेत-बमणबेरा समेत कई सड़कों की स्वीकृति की मांग की। बैठक में चीफ इंजीनियर राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्र, ईई दिनेश मोहन गुप्ता, एई जेके टम्टा, रंजीत सिंह, दिलमणी जोशी, रूप सिंह कुंवर, उर्वी दत्त जोशी, शीतल गड़िया और रविंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।