बदरीनाथ के माणा क्षेत्र में सोमवार को अलकनंदा नदी के तेज बहाव में बहे भारतीय सेना के अग्निवीर को आईटीबीपी के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नदी से बाहर निकालने के बाद जवानों ने तत्काल सीपीआर देकर उसकी सांसें बहाल कीं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:55 बजे सेना की सिग्नल कोर में तैनात अग्निवीर ललित कुमार माणा में अग्रिम चौकी के समीप सिग्नल लाइन बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह अलकनंदा नदी में जा गिरे और तेज बहाव में बहने लगे। मौके पर मौजूद मजदूरों के शोर मचाने पर अग्रिम चौकी की ओर जा रहे आईटीबीपी के वाहन में तैनात सिपाही सौरभ, बोलबम साहू और ओम प्रकाश ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और अग्निवीर को नदी से बाहर निकालकर सीपीआर दिया।
आईटीबीपी के डिप्टी कमांडर शिव प्रसाद सती ने बताया कि सूचना मिलते ही सामरिक मुख्यालय माणा के कमान अधिकारी डॉ. गौरव सिंह राहतकर्मियों और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद घायल जवान को पीएचसी बदरीनाथ ले जाया गया, लेकिन दोपहर दो बजे तक उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
ये भी पढे़ं...देहरादून: सुसवा नदी किनारे जंगल में मिला इलेक्ट्रिशियन का शव, दो दिन से था लापता, पुलिस मामले की जांच में जुटी
इसके बाद सेना के अधिकारियों से संपर्क कर उसे एंबुलेंस से सैन्य हेलीपैड पहुंचाया गया। जहां से दोपहर करीब 3:30 बजे सेना के हेलिकॉप्टर से अग्निवीर ललित कुमार को जोशीमठ स्थित सेना के फील्ड अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया। फिलहाल जवान का उपचार जारी है। आईटीबीपी के जवानों की त्वरित कार्रवाई और साहस से अग्निवीर को समय रहते जीवनरक्षक सहायता मिल सकी।