आपदा प्रभावित गांवों का विधायक लखपत बुटोला ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने मंगलवार को आपदा प्रभावित बुराली गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। आपदा प्रभावितों ने विधायक को 25 जुलाई की रात को बरसाती नाले के उफान पर आने के बाद गांव में हुए नुकसान के बारे में बताया। विधायक ने आश्वासन दिया कि जिन घरों को नुकसान हुआ है उन्हें उचित मुआवजा देने के साथ ही पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन से वार्ता की जाएगी।
विधायक ने बुराली गांव के समीप बह रहे सिंचाई विभाग के नाले को शिफ्ट करने के लिए दूरभाष पर संबंधित अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि नाला पिछले पंद्रह सालों से ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना है। इसके अलावा विधायक ने दशोली ब्लॉक के ग्वालियर नगर, खंडरा, कांणा, बेलीधार, मवल्ठा और कौंज-पोथनी गांव के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का जायजा भी लिया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगर अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, गोविंद सजवाण, सूर्या पुरोहित, पूनम रावत, अंजू राणा, धीरेंद्र बिष्ट, रविंद्र नेगी, उदय सिंह रावत, विक्रम रावत, अखिलेश झिंक्वाण आदि मौजूद रहे।