राज्य में एक साथ पंचायत चुनाव कराने, पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने की उठाई मांग
मांग पूरी नहीं हुई तो तीन अगस्त को घेरेंगे मुख्यमंत्री आवास
संंवाद न्यूज एजेंसी
गढ़वाल। राज्य में एक साथ पंचायत चुनाव कराने और त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने की मांग को लेकर गढ़वालभर में ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालयों में सामूहिक तालाबंदी की और प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधानों ने मांग को लेकर सीएम को ज्ञापन भेजा। कहा यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो तीन अगस्त को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
गोपेश्वर में मंगलवार को दशोली ब्लॉक परिसर में सुबह 10 बजे सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक के मुख्य प्रशासनिक भवन पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मोहन नेगी ने कहा कि ग्राम प्रधान एक चुनाव एक राज्य और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हरिद्वार जिले के साथ कराने की मांग कर रहे हैं। जब तक मांग पर कार्रवाई नहीं हो जाती आंदोलन जारी रखा जाएगा। पोखरी, जोशीमठ, नंदानगर ब्लॉक मुख्यालय पर भी ग्राम प्रधानों ने तालाबंदी की। इस मौके पर दशोली ब्लाॅक के अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर, अनूप नेगी, लखपत सिंह, अनूप खंडूड़ी, मोनू सती, ब्लाॅक प्रमुख विनीता देवी, चंद्रेश्वरी देवी आदि मौजूद रहे।
अगस्त्यमुनि/ऊखीमठ/तिलवाड़ा। यहां अगस्त्यमुनि, जखोली और ऊखीमठ ब्लॉक कार्यालयों में ग्राम प्रधानों ने तालाबंदी की। उन्होंने ब्लॉक कार्यालय में आधार सुधारीकरण केंद्र को भी बंद कराया। अगस्त्यमुनि ग्राम प्रधान ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल राणा ने कहा कि बीते 15 जुलाई से त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि एक सूत्री मांग को लेकर आंदोलनरत हैं पर अभी तक सरकार ने इस पर कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र, प्रधान सौड़ भट्टगांव संतोष भट्ट, महिपाल कंडारी, सरिता देवी, बीना देवी, देवेश्वरी देवी आदि मौजूद रहे। संवाद