कर्णप्रयाग महाविद्यालय में काउंसलिंग, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो सीटें रह जाएंगी खाली
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय कर्णप्रयाग में स्नातक स्तर के प्रथम वर्ष में प्रवेश की काउंसलिंग की अंतिम तिथि 20 जून बीत गई। यहां स्वीकृत सीटें 970 हैं जबकि सिर्फ 289 छात्र-छात्राएं ही स्नातक प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग के लिए आए। यदि काउंसलिंग, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाती तो यहां अधिकतर सीटें खाली रह जाएंगी।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कला संकाय के विभिन्न विषयों में 400, विज्ञान संकाय में 450 और वाणिज्य में 120 सीटें हैं लेकिन इस बार प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन घट गए। बीते साल जहां 657 छात्र-छात्राओं ने यहां प्रवेश लिया था। वहीं इस साल 650 रजिस्ट्रेशन ही हो पाए। 20 जून तक हुई काउंसलिंग प्रक्रिया में कला संकाय की 400 सीटों में 210, विज्ञान संकाय की 450 सीटों में महज 65 और वाणिज्य संकाय की 120 सीटों में 14 छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग हुई। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डाॅ. आरसी भट्ट ने बताया कि बीते साल की अपेक्षा इस बार काउंसलिंग में कम छात्र-छात्राओं के पहुंचने से प्रवेश कम हुए हैं।