गोपेश्वर दूरस्थ मतदेय स्थल के लिए रवाना हुई पोलिंग पार्टियां। संवाद
अन्य 193 पार्टियां आज जाएंगी, 10 को होगा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए दूरस्थ मतदेय स्थलों के लिए 17 पोलिंग पार्टियां सोमवार को गोपेश्वर से रवाना हुईं। जबकि अन्य 193 पोलिंग पार्टियां मंगलवार को रवाना होंगी और मतदान 10 जुलाई को होगा।
बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 210 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सोमवार को सामान्य प्रेक्षक अनीता रामचंद्रन, जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु खुराना व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दूरस्थ क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इनमें मोल्टा, जखोला, किमाणा, डुमक, कलगोठ, नीती, गमशाली, कैलाशपुर, जेलम, कोषा, जुम्मा, द्रोणागिरी, मलारी, ईराणी, झींझी, गौणा और पाणा शामिल हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक रिटर्निंग अधिकारी आरके पांडे व अन्य नोडल अधिकारी मौजूद रहे। संवाद