हल्द्वानी में काठगोदाम पुलिस ने पिछले सप्ताह लापता किशोरी को रेलवे स्टेशन से शनिवार की सुबह बरामद कर लिया। किशोरी का कहना था कि गिरफ्तारी के डर से उसका प्रेमी भाग गया है। दोनों घर से भागने के बाद हरिद्वार में ठहरे थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद किशोरी का मेडिकल मुआयना कराया और उसको नारी निकेतन में दाखिल कर दिया।
बता दें कि कुमाऊं कालोनी की रहने वाली किशोरी पिछले सप्ताह अपने प्रेमी सोनू के साथ लापता हो गई थी। इस मामले में किशोरी के परिजनों की शिकायत पर काठगोदाम पुलिस ने धारा 363,366 ए के तहत मुकदमा दर्ज कराया। इस मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक लता बिष्ट कर रही थी।
घटना के बाद पुलिस द्वारा जगह जगह छापा मारने पर प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेकर हरिद्वार में ठहर गया। दोनों ट्रेन से काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर आए लेकिन प्रेमी पुलिस की कार्रवाई के डर से भाग निकला।
पुलिस ने किशोरी का मेडिकल मुआयना कराया लेकिन उसका अदालत में कलमबंद बयान दर्ज नहीं हो सका। विवेचक ने बताया कि किशोरी को नारी निकेतन भेजा गया है। अपहरण के आरोप में प्रेमी सोनू को पुलिस तलाश रही है।