चंडिका मंदिर और आदर्श कॉलोनी में महिलाओं ने जमाया रंग
बागेश्वर। जिले में होली पूरे शबाब पर है। नगर से लेकर गांव तक होली का रंग छाया हुआ है। महिलाएं भी होली के खुमान में डूबी हुई हैं। गांव, नगर, कॉलोनी, मोहल्ले हर जगह होली गायन की धूम मची है। महिलाएं आकर्षक नृत्य के साथ तरह-तरह के स्वांग रचकर होली गायन का भरपूर लुत्फ उठा रही हैं।
जिला मुख्यालय के आदर्श कॉलोनी, नदीगांव, मंडलसेरा, बिलौना, ठाकुरद्वारा, चंडिका मंदिर, वेणीमाधव वार्ड सहित कई स्थानों पर महिला होली का आयोजन किया जा रहा है। महिलाएं जल कैसे भरूं यमुना गहरी...., नदी यमुना के तीर कदंब चढ़ी कान्हा बजाय गयो बांसुरिया...., कहां के तुम ग्वाल गुजरिया..., मेरो री मन मोहना रे.. सहित तमाम होली गीतों का गायन कर रही है। रविवार को चंडिका मंदिर परिसर में महिला होल्यारों ने होली गीतों से मां चंडिका की स्तुति की। इस दौरान महिलाएं जमकर थिरकीं। अन्य स्थानों पर भी महिलाओं ने घर-घर जाकर होली गीतों का गायन किया। महिलाओं ने नृत्य से समा बांधा। वहीं ग्रामीण अंचलों में भी महिलाएं पूरी तरह से होली के रंग में डूबी हुई हैं। हर तरफ अबीर, गुलाल और रंग उड़ रहे हैं। कहीं दिन और कहीं दिन-रात होली गायन हो रहा है। जिला पूरी तरह से होली के रंग में रंगा नजर आ रहा है। जिले के कांडा, कपकोट, गरुड़, काफलीगैर, दुग नाकुरी तहसील के गांवों में भी महिला होल्यार होली गायन कर धूमधाम से पर्व मना रही हैं।
फोटो 28 बीजीएस 05 और 06 पी