बागेश्वर के गढ़खेत गांव में चुनाव बहिष्कार की जिद पर अड़े ग्रामीणों को समझाते स्वीप के सहायक नोड?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मोटर मार्ग की मांग के लिए चुनाव बहिष्कार की जिद पर अड़े गढ़खेत के ग्रामीणों को स्वीप की टीम मनाने में विफल रही। ग्रामीण अपनी जिद छोड़ने को तैयार नहीं है। ऐसे में स्वीप टीम ने ग्रामीणों को चुनाव बहिष्कार करने की बजाय नोटा दबाकर मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।
गढ़खेत गांव के लोग लंबे समय से मोटर मार्ग की मांग कर रहे हैं। जिसे लेकर ग्रामीणों ने विगत दिनों डीएम को ज्ञापन देकर चुनाव बहिष्कार की करने की चेतावनी दी थी। रविवार को स्वीप की टीम और संबंधित अधिकारी गांव गए। स्वीप के सहायक नोडल अधिकारी उमेश चंद्र जोशी ने ग्रामीणों को चुनाव बहिष्कार करने की जिद छोड़ने को कहा। लोनिवि की अभियंता दीपिका ने वन भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही गतिमान होने की जानकारी दी। वन विभाग के राजेश चंद्र कांडपाल ने भी वन भूमि हस्तांतरण और पौधरोपण गतिमान होने की बात कही। हालांकि ग्रामीणों पर किसी बात का असर नहीं पड़ा और वह चुनाव बहिष्कार की जिद पर अड़े रहे। जिसे देखते हुए स्वीप के सदस्यों ने ग्रामीणों को नोटा के विकल्प की जानकारी दी है। सहायक नोडल जोशी ने बताया कि टीम दोबारा गांव जाएगी और लोगों को मतदान करने के लिए मनाने का प्रयास करेगी। इस मौके पर कानूनगो दिनेश चंद्र नौटियाल, राजस्व उपनिरीक्षक सुंदर सिंह मेहरा, स्वीप के नीरज पंत, हरीश फर्स्वाण, अनिल पांडेय, सुरेश खोलिया, प्रमोद जोशी आदि मौजूद रहे।