बागेश्वर। गांव गरीब उत्थान मंच के बैनर तले बगनीगाड़ में चल रहा क्रमिक अनशन चौथे दिन आमरण अनशन में तब्दील हो गया। अनशनकारी ने कहा कि जब तक गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है वह अनशन से नहीं हटेंगे।
सोमवार से प्रकाश चंद्र जोशी आमरण अनशन पर बैठे। गांव गरीब मंच के अध्यक्ष विशन सिंह टंगड़िया और अन्य ग्रामीणों ने उन्हें माल्यार्पण कर अनशन पर बैठाया। इस मौके पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि बिजली, संचार और पेयजल की गांव में कोई सुविधा नहीं है।
आजादी के छह दशकों बाद भी उन्हें चीड़ के छिलके जलाकर उजाला करना पड़ता है। पेयजल के लिए गाड़-गधेरों के दूषित पानी पर निर्भर हैं। कहा कि बगनीगाड़ तोक में विद्युतीकरण के लिए तीन साल पहले 2013 में आंदोलन चलाया था, लेकिन कोरे आश्वासन देकर आंदोलन को खत्म करा दिया गया।
आज तक एक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अनशन पर बैठे प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि जब तक तीनों म मांगों को पूरा नहीं किया जाता है अनशन जारी रखा जाएगा। इस मौके पर कमला, पुष्पा देवी, धन सिंह दयाराकोटी, विशन सिंह भंडारी, नंदा बल्लभ जोशी,विशन सिंह, केवलानंद जोशी, प्रताप सिंह, नंदा बल्लभ आदि ने आमरण अनशनकारी के समर्थन में धरना दिया।