गिरेछीना और बालीघाट में दुकान खोलने का विरोध
बागेश्वर के गिरेछीना में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में डोबा, धारी, चौहना समेत क्षेत्र के तमाम गांवों में नाराजगी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन देकर विज्ञापन निरस्त नहीं होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी। ग्रामीणों का कहना था कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली जा रही है, उसके एक किमी के दायरे में चार विद्यालय हैं।
क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की दरकार थी, लेकिन सरकार यहां शराब की दुकान खोलने जा रही है। वहां पर राजेंद्र टंगड़िया, खड़क सिंह टंगड़िया, ललित मोहन सिंह परिहार, दिनेश टंगड़िया, भुवन टंगड़िया, गोपाल टंगड़िया, संतोष टंगड़िया आदि थे। इधर, जिला मुख्यालय से करीब पांच किमी दूर बालीघाट में शराब की दुकान खोलने का विज्ञापन जारी होने पर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर विरोध जताया। जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जबरन दुकान खोलने का प्रयास होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी। वहां पर परीक्षित खेतवाल, हरीश सिंह चौहान, पंकज खेतवाल, दिनेश पांडेय, मनोज होलरिया, रमेश हरड़िया आदि मौजूद रहे।
इन स्थानों पर खुल रहीं हैं नई दुकान
विज्ञापन के अनुसार भराड़ी, सीमार, गेवाड़ पिंगलकोट में विदेशी, बालीघाट और गिरेछीना में देसी-विदेशी, गरुड़ में देसी शराब की दुकान खोली जानी हैं।