बागेश्वर। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए लोनिवि ने कमर कस ली है। मानसून का सीजन समाप्त होते क्षेत्र की दो ग्रामीण सड़कों पर सुधारीकरण और डामरीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार असों-बैड़ा-पाकड़ दोफाड़ मोटर मार्ग और खड़लेख-भनार मोटर मार्ग के किलोमीटर 27 से 30 तक के हिस्से में सुधारीकरण के साथ डामरीकरण कराया जाना है। इसके लिए लोनिवि ने टेंडर प्रक्रिय संपन्न कराने के साथ ही ठेकेदारों के साथ अनुबंध गठन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। दोनों मार्गों की स्थिति लंबे समय से बदहाल बनी हुई थी, जिससे कई गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। डामरीकरण कार्य पूरा होने से कपकोट क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
......कोट
वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण डामरीकरण कार्य संभव नहीं है। मानसून सीजन समाप्त होते ही दोनों सड़कों पर डामरीकरण का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
.......अमित पटेल, ईई लोनिवि, कपकोट