बागेश्वर के तहसील रोड पर पीपल की टहनियां काटते कर्मचारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नगर के स्टेशन रोड पर पीपल की पेड़ की टहनियां काटने का कार्य शनिवार को भी सुबह से ही जारी रहा। इसके चलते दिनभर स्टेशन रोड पर आवागमन बाधित रहा। इलाके की बिजली भी गुल रही। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
शुक्रवार की सुबह स्टेशन रोड में पुराने पीपल के वृक्ष की टहनियां टूटकर गिर गई थी। जिससे, बिजली की लाइन और एक दुकान की छत को नुकसान पहुंचा था। शुक्रवार को देर रात तक स्टेशन रोड की बिजली गुल रही। टहनियों को काटने का कार्य दोपहर से रात तक चलता रहा। शनिवार की सुबह से प्रशासन ने पुलिस के पहरे में एक बार फिर खतरा बने पेड़ की टहनियों को काटा। इस दौरान गरुड़ क्षेत्र को जाने वाले वाहनों को द्यांगण-आरे बाईपास से वाहनों का संचालन किया गया। सुबह सड़क के दोनों ओर वाहनों का जमावड़ा लग गया।
तहसील रोड पर मिठाई की काफी दुकानें हैं। बिजली गुल होने से मिष्ठान विक्रेताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने स्टेशन रोड के एक और पेड़ को खतरा बताते हुए छंटनी करने की मांग की। लोग कहते दिखे कि सरकारी तंत्र ने पहले सजगता दिखाते हुए खतरा बने पेड़ों की छंटनी कर दी होती तो, लोगों को इस तरह की दिक्कत नहीं झेलनी पड़ती। नगर में कई और पेड़ खतरा बने हुए हैं। उनकी भी छंटनी होनी चाहिए। पेड़ों के कटान का कार्य देर शाम तक जारी था।