बागेश्वर। कपकोट-कर्मी सड़क में तीसरे दिन भी यातायात बहाल नहीं हुआ। एक पुलिया और दो स्थानाें पर सड़क के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की करीब पांच हजार की आबादी प्रभावित हो गई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने अवगत कराया है कि दो दिन से बंद रिखाड़ी-वाछम और बघर सड़क पर बृहस्पतिवार को यातायात बहाल कर दिया गया है।
13 जुलाई को बारिश के दौरान कपकोट-कर्मी सड़क पर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिया में दोपहिया वाहनों के गुजरने के लायक भी जगह नहीं बची है। दो स्थानों पर सड़क का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त है। पीएमजीएसवाई डिवीजन कपकोट ने पुलिया और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। सड़क में यातायात बहाल होने पर अभी कुछ दिन का समय लगेगा।
अल्मोड़ा में कुछ देर की बारिश, गर्मी से मिली निजात
अल्मोड़ा। जिले भर में पल-पल मौसम बदल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह साफ आसमान के बीच धूप निकली। लेकिन शाम को एक बार फिर से बारिश हुई। कुछ ही देर की बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत पहुंचाई।
अल्मोड़ा में पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। हालांकि बृहस्पतिवार की सुबह साफ आसमान के बीच धूप निकली। दोपहर अचानक आसमान में बादल छाने लगे। कुछ ही देर में आसमान घने बादलों से पट गया और बारिश शुरू हो गई। कुछ देर रिमझिम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट होने के साथ उमस से निजात मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम पारा 19 डिग्री रहा।