बागेश्वर। बुधरात रात अज्ञात लोगों ने राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय खातीगांव के परिसर में पथराव कर दिया। पथराव से आवासीय भवन का प्लास्टर टूट गया है। इस घटना से अस्पतालकर्मी भयभीत हैं। फार्मेसिस्ट ने कांडा पुलिस थाना को घटना की सूचना दे दी है। गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा मांगी है। उन्होंने आरोपियों को भी पकड़ने को कहा है।
बुधवार की रात करीब 11:30 बजे अज्ञात तत्वों ने राजकीय एलोपैथिक अस्पताल खातीगांव के परिसर में पथराव किया। उस समय फार्मेसिस्ट कमरे में सोए थे। पथराव से उनकी नींद खुल गई। उन्होंने फोन पर भंडारीगांव के ग्राम प्रधान को सूचना दी, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद फार्मेसिस्ट की सूचना पर खाईनधार के युवक मौके पर पहुंचे। युवकों के वहां आते बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गए।
अस्पताल के डॉक्टर इन दिनों छुट्टी पर हैं जबकि फार्मेसिस्ट को सप्ताह में तीन धपोलासेरा का अस्पताल को देखना पड़ता है। अस्पताल में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। फार्मेसिस्ट ने बताया कि उन्होंने घटना की सूचना कांडा थाना में दे दी है। क्षेत्र के लोगों ने शांत गांव में स्थापित इस अस्पताल में घटी घटना पर क्षेत्र के लोगों में भारी गुस्सा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को पकड़कर अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता मांगी है।