आरोपी के पास से लैपटॉप, फटे चेक और 225 रुपये बरामद
बागेश्वर। पिंडारी मार्ग में सब्जी विक्रेता के कमरे से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो लैपटॉप, एक एमेजाॅन एलेक्सा, कांच का गोल टिफन, लोवर-जैकेट, एसबीआई के तीन फटे चेक और 225 रुपये नकद बरामद किए गए।
25 मार्च की रात को सब्जी विक्रेता के कमरे से नकदी और अन्य सामान चोरी हो गया था। सब्जी विक्रेता हरीश सिंह कोरंगा ने 26 मार्च को कोतवाली में तहरीर दी। व्यापारी की तहरीर और सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रवेश खेतवाल (25) निवासी कठायतबाड़ा के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत केस दर्ज किया।
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देश पर कोतवाल कैलाश सिंह नेगी के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी को आरे बाईपास पुल के समीप से गुजर रही कच्ची सड़क से गिरफ्तार किया। कोतवाल नेगी ने बताया कि आरोपी ने चोरी किए गए सामान को बालीघाट शिव मंदिर में एक काले रंग के बैग में छुपाकर रखा था। उसके पास से रुपयों से भरा बैग नहीं मिला है। जांच के दौरान दुकान से रुपयों से भरा बैग चोरी होने के पुख्ता साक्ष्य भी अब तक नहीं मिले हैं।