बागेश्वर। डिग्री कॉलेज बागेश्वर में चल रही चुनाव संबंधी प्रशिक्षण के बाद घर लौट रहे एक शिक्षक की मौत हो गई है। घर जाते समय शिक्षक का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शिक्षक की असमय मौत से परिजन सदमे में हैं।
कपकोट के दणों निवासी उमेेश चंद्र जोशी (42) पुत्र हरीश चंद्र जोशी हरसिंग्याबगड़ में शिक्षक थे। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनकी ड्यूटी लगी थी। चुनाव संबंधी प्रशिक्षण में भागीदारी करने के लिए वे शनिवार को डिग्री कॉलेज आए थे। प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद वे देर शाम घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। घर पहुंचने तक उनकी हालत काफी खराब हो गई। जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, थानाध्यक्ष प्रताप सिंह कपकोटी ने बताया कि शिक्षक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मौत के असल कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।