बागेश्वर। जिले में परिवहन विभाग टैक्स जमा न करने वाले व्यावसायिक वाहन संचालकों के खिलाफ सख्ती करेगा। विभाग जल्द बकायेदारों को नोटिस भेजेगा। नोटिस का समय निकलने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने पर आरसी जारी की जाएगी।
परिवहन विभाग ने जिले में बकायेदार वाहन स्वामियों की सूची तैयार कर ली है। सूची में तीन महीने से अधिक समय से टैक्स जमा न करने वाले वाहन स्वामी शामिल हैं। कई लोगों ने छह महीने और एक साल से टैक्स जमा नहीं किया है। परिवहन विभाग के अनुसार मासिक टैक्स जमा करने की अवधि के अलावा वाहन स्वामियों को 15 दिन का अतिरिक्त समय दिया जा सकता है।
लंबे समय से टैक्स जमा न करने वाले वाहन स्वामियों को दो नोटिस भेजे जाते हैं। इसके बाद भी टैक्स जमा न करने पर आरसी जारी की जाती है। जिले में 200 से अधिक वाहन स्वामियों ने लंबे समय से टैक्स का भुगतान नहीं किया है।
कोट
जिले में टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों की सूची तैयार की जा रही है। आगामी दिनों में सभी को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दो नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहनों की आरसी जारी की जाएगी। - अमित कुमार, एआरटीओ बागेश्वर