बागेश्वर। खेल विभाग की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में हुई दो दिनी खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। सोमवार को डिग्री कॉलेज मैदान में ओपन वर्ग की हाकी प्रतियोगिता हुई। स्टेडियम ए की टीम ने बी को हराकर मुकाबला जीत लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा और खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने किया। प्रतियोगिता में तीन टीमों ने भागीदारी की। फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ए ने शानदार खेल दिखाते हुए 2-1 गोल के अंतर से जीत हासिल की। डीएसओ ने विजेता, उपविजेता टीम के साथ, रविवार को संपन्न हुए खो-खो और वॉलीबाल प्रतियोगिताओं की विजेता और उपविजेता टीमों को भी पुरस्कार प्रदान किए।
खो-खो में मंडलसेरा रही विजेता
बागेश्वर। जिला युवा कल्याण विभाग की ओर से डिग्री कॉलेज मैदान में अंडर-17 आयु वर्ग बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता कराई गई। छह टीमों ने भाग लिया। फाइनल में मंडसलेरा की टीम ने राइंका बागेश्वर को 32-21 से पराजित किया। विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हेमा परिहार ने पुरस्कार दिए।
स्कूलों में हुए खेलकूद
बागेश्वर। कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल कठायतबाड़ा में म्यूजिकल चेयर, जलेबी दौड़, चम्मच दौड़, 30 और 50 मीटर दौड़, रस्साकशी आदि खेलकूद हुए। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. आशा तिवारी और उप प्रधानाचार्या अपर्णा कांडपाल ने किया। खेलकूद कैप्टन भावना जोशी ने खेल प्रतिज्ञा दिलाई।
नेहरु युवा केंद्र की ओर से राजकीय पीजी कॉलेज में आयोजित दौड़ में पवन रावत ने पहला, सूरज जोशी ने दूसरा और गणेश गोस्वामी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। केंद्र की ओर से चौगांवछीना में हुई दौड़ में मंदीप कुमार ने जीत हासिल की। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
राइंका सनगाड़ में कबड्डी, खो-खो और दौड़ और बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य मंगल सिंह बिष्ट और संचालन खेल शिक्षक देवेंद्र सिंह मर्तोलिया ने किया। राइंका काफलीगैर मे खेल दिवस पर वॉलीबाल, हैंडबाल, बैडमिंटन और कैरम प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता का संचालन व्यायाम शिक्षक अर्जुन सिंह भाकुनी और पुरस्कार वितरण प्रधानाचार्य राजीव निगम ने किया।