बागेश्वर में शुक्रवार की शाम बारिश के बीच छाता ओढ़कर निकलते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। कपकोट और बागेश्वर में शुक्रवार को बारिश होने से लोगों को राहत मिली है। कपकोट में काफी तेज बारिश हुई। बागेश्वर समेत अन्य स्थानों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश से कपकोट क्षेत्र में काफी हद तक जंगलों की आग बुझ गई। वहीं, बारिश से अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बागेश्वर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 तो न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को अधिकतम 35 और न्यूनतम 15 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
कपकोट में अपरान्ह करीब तीन बजे से काफी देर तक तेज बारिश हुई। तेज आवाज के साथ हुई बारिश से गर्मी से काफी हद तक निजात मिली है। शाम करीब चार बजे से बागेश्वर में बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। शाम करीब पांच बाद तेज गरज के साथ हल्की बारिश होने लगी। तेज हवाओं के कारण वातावरण में फैला धुआं और गहरा हो गया। कपकोट के साथ ही जिला मुख्यालय में देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी था।
मौसम में अचानक आई तब्दीली से दिन में ही अंधेरा छा गया। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ ही घरों में लाइट जलानी पड़ी। मौसम में भी ठंडक लौट आई। बारिश से वन विभाग को काफी हद तक राहत मिली है। कई स्थानों पर जंगल की आग बुझ गई है। कपकोट क्षेत्र के छोड़कर अन्य स्थानों में बारिश हल्की होने से अब भी जंगलों की आग पूरी तरह से नहीं बुझ पाई है। बारिश का सिलसिला देर शाम तक भी जारी होने से जंगलों की आग बुझने की उम्मीद है।
चौबटिया में भी हुई बारिश
रानीखेत (अल्मोड़ा)। शुक्रवार की देर शाम रानीखेत के चौबटिया सहित कुछ इलाकों में बारिश होने से आग से धधक रहे जंगलों को राहत मिली। चिलियानौला में भी देर शाम हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन यह बारिश भी हवा के साथ उड़ गई। चौबटिया क्षेत्र में हल्की ओलावृष्टि हुई। अब तक ताड़ीखेत के मुुसोली, हिड़ाम, सौनी सहित तमाम स्थानों पर कई हेक्टेयर भूमि आग की भेंट चढ़ चुकी है। संवाद
अल्मोड़ा में हल्की बारिश से लोगों को मिली राहत
अल्मोड़ा। शुक्रवार को मौसम ने करवट ली। शाम को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बारिश की फुहारों से मौसम सुहावना हो गया है। इधर, बारिश वन विभाग को थोड़ी राहत दे गई। इन दिनों में जिले में तमाम स्थानों पर जंगलों में आग भड़की है। जंगल धू-धू कर आग में जल रहे हैं। वन विभाग काफी मशकतों के बाद जंगलों में आग बुझाने में जुटा है कि आग काबू में नहीं आ रही है। शुक्रवार को हुई बारिश से जंगलों में भड़की आग शांत हो गई है। कई जंगलों में आग लगी हुई थी, लेकिन शाम जैसे ही हल्की बारिश हुई तो आग की लपटे भी बारिश की बूंदों के बाद शांत हो गई। संवाद