ग्रामीण उत्थान समिति से जुड़ी वीरांगना संगठन की महिला पंचायत प्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी से मिला। इस मौके पर महिला प्रतिनिधियों ने ओलावृष्टि से फसलों को हुई क्षति का शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती करने की मांग उठाई।
महिला पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि कपकोट क्षेत्र में पिछले दिनों ओलावृष्टि से गेहूं और आलू की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा था। कई ग्रामीणों के पास बीज के लायक भी खेती नहीं बची है। महिलाओं ने सभी प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग उठाई। महिलाओं ने झूनी, खलझूनी, तरसाल, बैछम, हाम्टीकापड़ी, लीती, सामा के स्कूलों में मानकों के अनुसार शिक्षकों की तैनाती करने की मांग भी उठाई। महिला प्रतिनिधियों ने गाड़ाखटिक के आठ परिवारों को शीघ्र बिजली का कनेक्शन देने और किरौली में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण एक सप्ताह से बंद पड़ी विद्युत आपूर्ति को सुचारु करने की मांग उठाई।
एसडीएम से मिलने वालों में ग्राम प्रधान गंगा देवी, पार्वती देवी, कल्पना, गीता, राधा कोरंगा, मुन्नी, लीला, सलिंग की ग्राम प्रधान हंसा, बसंती कपकोटी, तारा दानू, बरखा आदि महिलाएं शामिल थीं।