बागेश्वर की धरमघर-माजखेत सड़क पर लटके बोल्डरों के बीच से गुजरता वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। सरकार ने वर्ष 2015 में धरमघर से माजखेत के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 18.625 मीटर लंबी सड़क स्वीकृत की थी। सड़क में 2016-17 में डामरीकरण हो जाना चाहिए था लेकिन महकमे के अधिकारियों की लापरवाही के चलते आज तक तीन किमी से कम हिस्से में ही डामरीकरण हुआ है। कच्ची सड़क पर लटके बोल्डर हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं। विभाग अब ठेकेदार का अनुबंध समाप्त करने की तैयारी में जुटा है।
सड़क पर 25 स्क्रबर बनने थे। पानी की निकासी के लिए आठ स्थानों पर सीमेंट के कॉजवे बनने थे। स्क्रबर और कॉजवे की गुणवत्ता ठीक नहीं है। सड़क पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण नहीं किया गया है। 18 किमी के हिस्से में सड़क पर बोल्डर लटके हुए हैं। सड़क खड़ंजे से भी बदतर स्थिति में है। सामाजिक कार्यकर्ता बहादुर सिंह धर्मशक्तू का कहना है कि सड़क माजखेत के साथ ही चुचेर और कई गांवों को जोड़ती है। सात साल बाद भी इलाके के लोगों को सुगम सड़क नहीं मिली है। सड़क निर्माण की जांच होनी चाहिए। सरकारी धन की बर्बादी के लिए जिम्मेदार पीएमजीएसवाई डिवीजन कपकोट के अभियंताओं के साथ ही ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
तलाई-हरकोट सड़क के धीमे कार्य से लोगों में रोष
कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट के तलाई (सूपी) से हरकोट के बन रही सड़क के काम में लेट लतीफी के कारण लोगों में रोष बना हुआ है। 4.775 किमी लंबी सड़क का निर्माण अक्तूबर 2020 से हो रहा है लेकिन काफी कम सड़क कटी है। हरकोट की ग्राम प्रधान गंगा हरकोटिया, वन पंचायत सरपंच लक्ष्मी देवी, युवक मंगल दल के अध्यक्ष गोकुल कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता दान सिंह, रं विकास समिति के कोषाध्क्ष लोकपाल सिंह ने सड़क के निर्माण में देरी पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा है कि सड़क का कार्य 17 अक्तूबर 2020 को कर दिया गया था। अब तक काफी कम सड़क काटी गई है। पीएमजीएसवाई डिवीजन सड़क के निर्माण पर ध्यान नहीं दे रहा है। इन लोगों का कहना है कि हरकोट जाने के लिए लोगों को पांच किमी पैदल चलना पड़ता है। मरीज, असहाय लोगों को डोली में ढोना पड़ता है। बरसात का सीजन नजदीक आ रहा है। लोगों की दिक्कतें और बढ़ जाएगी। कहा है कि सड़क के काम में तेजी नहीं लाई गई तो क्षेत्र के लोग आंदोलन छेड़ देंगे। संवाद
धरमघर-माजखेत सड़क में अनुबंधकर्ता ठेकेदार काम नहीं कर रहा है। ठेकेदार का अनुबंध समाप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। ठेकेदार पर पेनाल्टी डाली जाएगी। नया अनुबंध किया जाएगा। सड़क का अवशेष कार्य पूरा किया जाएगा। तलाई-हरकोट सड़क के काम में तेजी लाई जाएगी।
अनिल कुमार ईई पीएमजीएसवाई डिवीजन कपकोट