कपकोट में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कपकोट ग्राम पंचायत के ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट ग्राम पंचायत को नगर पंचायत के सीमा विस्तार से अलग रखने की मांग उठने लगी है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर नगर पंचायत के सीमा विस्तार में गांव को शामिल नहीं करने की मांग की।
एसडीएम पारितोष वर्मा को दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि नगर पंचायत के सीमा विस्तार में गांव के कुछ हिस्से को शामिल करने की बात हो रही है जिसका ग्रामीण पुरजोर विरोध करेंगे। कहा कि गांव के लोग खेतीबाड़ी कर अपनी दिनचर्या चलाते हैं। नगर क्षेत्र में शामिल किए जाने से ग्रामीणों की जमीन को नुकसान होगा। नगर में होने वाले विकास कार्यों से उपजाऊ जमीन पर असर पड़ेगा और ग्रामीणों की रोजी-रोटी का जरिया भी छिन सकता है। कहा कि कपकोट गांव के सात वार्ड में 975 की आबादी निवास करती है। नगर पंचायत विस्तार में गांव के किसी भी तोक को शामिल किया गया तो इससे ग्राम पंचायत के अस्तित्व पर संकट पैदा हो जाएगा। वहां पर मुन्ना कपकोटी, नवीन कपकोटी, विनोद कपकोटी, तारा सिंह आदि मौजूद रहे।