बागेश्वर के दुलम में संचार सेवा की मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे लोग। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। संचार और सड़क की मांग के लिए दुलम गांव के भुल्यूड़ा तोक में सातवें दिन भी अनशन जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक शासन और प्रशासन हमें सड़क और संचार से न जोड़ेगा तब तक हम आंदोलन न छोड़ेंगे। उन्होंने समस्याओं का हल नहीं होने पर 30 को पिंडारी मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी दी।
दुलम गांव में वर्ष 2018 से लगा मोबाइल टावर शोपीस बना है। गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या बताने पर भी हल नहीं निकला, जिससे आक्रोशित ग्रामीण 20 अक्तूबर से आंदोलन पर हैं। ग्रामीणों ने संचार सेवा जल्द शुरू करने के साथ दुलम-ठांगधार मोटर मार्ग के निर्माण की मांग भी उठाई है। इधर, मंगलवार को क्रमिक अनशन में विक्रम सिंह कोरंगा, विशन सिंह कोरंगा, दीपक सिंह कोरंगा और लक्ष्मण सिंह कोरंगा बैठे।
दो किमी दूर आकर देनी पड़ रही आंदोलन की सूचना
बागेश्वर। ग्रामीण बंटी कोरंगा ने बताया कि मोबाइल पर बात करने के लिए दुलम गांव से दो किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। आंदोलन कर रहे ग्रामीणों की सूचना देने के लिए उन्हें रोजाना घर के काम निपटाकर नेटवर्क जोन में आना पड़ता है। जिसके बाद हड़ताल की जानकारी मीडिया संस्थानों और अन्य लोगों तक पहुंचाई जाती हैं।