बागेश्वर जिले में वर्षों से मंडलसेरा के पीपलचौक क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत बने कुंती नाले को लेकर आखिरकार इलाके के लोगों का गुस्सा फूट ही गया। इलाके के लोगों ने कुंती नाले का स्थायी समाधान करने को लेकर प्रदर्शन करने के साथ ही विधायक आवास पहुंचकर विधायक का घेराव किया।
बारिश के बीच मंडलसेरा में एकत्र लोगों ने बरसाती नाले की निकासी की व्यवस्था न होने के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि कुंती नाला हर बरसात में लोगों के लिए परेशानी खड़ी करता है। लोगों के घरों में मलबा, बरसाती पानी घुसता है। पिछले 12 वर्ष से यह समस्या बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों के साथ ही पूर्व और वर्तमान डीएम दौरा कर नाले का स्थायी समाधान का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की। हर चुनाव में नेता नाले का समाधान करने का आश्वासन देते हैं, लेकिन करते कुछ नहीं।
ये पढ़ें- Pithoragarh: एसडीएम ने पांच किलोमीटर पैदल चलकर आपदाग्रस्त इलाकों का किया निरीक्षण, ग्रामीणों का सुना दर्द
प्रदर्शन के बाद इन लोगों ने विधायक पार्वती दास के आवास पर पहुंचकर विधायक का घेराव किया। विधायक को दिए ज्ञापन में नाले का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि नाले की निकासी के लिए बजट मंजूर हो गया है। बरसात के कारण काम नहीं हो पा रहा है। बरसात के बाद निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी। प्रदर्शन, घेराव में किशन विश्वकर्मा, सोनू मलड़ा, नैन सिंह, हरीश देवली, जगदीश चंद्र पांडे, हरीश धपोला, संजय धपोला, महेश नगरकोटी, गिरीश धौनी, खीम सिंह, भुवन चौबे आदि शामिल थे।
सड़क पर छोड़ दिया नाले का मुहाना
बरसाती नाला कुंती कई वर्षों से बरसात में लोगों के लिए परेशानी खड़ी करता है। सरकारी तत्र ने बरसाती नाले की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की है। नाले का मुहाना सड़क पर छोड़ दिया है। सड़क पर बहने वाला नाला बरसात में उफन जाता है। मंडलसेरा बाईपास के साथ ही पीपलचौक को जाने वाली सड़क मलबे, कीचड़ से पट जाती है। सड़क नाले का रूप धारण कर लेती है। लोगों के मकानों में मलबा घुसता है। आम लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।