प्रशासन ने विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम संचालित कर कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सभी नोडल और प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने ईवीएम प्रभारी को ईवीएम मशीन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उपलब्ध मशीनों के अनुसार पीठासीन और मतदान कार्मिकों को ईवीएम का प्रशिक्षण देने को कहा। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर भी कार्मिकों को प्रशिक्षण देने को कहा। उन्होंने दोनों विधान सभाओं में नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए संबंधित प्रभारी को वाहन व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को पोलिंग पार्टियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों से संपर्क स्थापित करने के लिए अलग टेलीफोन नंबर ग्रुप से जोड़ने के निर्देश दिए।
मतदान पार्टियों के प्रस्थान और वापसी के समय उन्हें मतदान सामग्री वितरण करने और जमा करने के लिए काउंटरों की समुचित व्यवस्था करने को कहा। बैठक में बताया गया कि सभी बूथों में विद्युत, पेयजल व्यवस्था और रैंप निर्माण का कार्य हो चुका है। दो बूथों में शौचालय निर्माण का कार्य जल्दी पूरा करने की बात कही गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी, वरिष्ठ कोषाधिकारी भाष्करानंद पांडेय, सीएमओ डॉ. संजय साह सहित सभी सेक्टर, जोनल, नोडल और प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।