आगामी 15 फरवरी को होने वाले विधान सभा चुनावों के लिए बर्फबारी वाले बूथों में मतदान कार्मिकों के लिए स्लीपिंग बैग की व्यवस्था की जाएगी। डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन सभी बूथों में अलाव जलाने के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने को कहा है।
कपकोट विधान सभा क्षेत्र में 13 बूथ ऐसे इलाकों में हैं जहां पर बर्फबारी की संभावना रहती है। इन इलाकों में भारी ठंड रहती है। ऐसे में मतदान ड्यूटी में तैनात कर्मियों को ठंड से बचाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन सभी बूथों में जिन कर्मियों की ड्यूटी लगेगी, उन्हें स्लीपिंग बैग दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को स्लीपिंग बैगों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने सभी बूथों में अलाव जलाने के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने को कहा है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी 13 बूथों में यह व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने को कहा है।