फोटोग्राफी कार्यशाला के दौरान लिया गया सोमेश्वर के बिजुरिया गांव का शानदार चित्र। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
कौसानी (बागेश्वर)। कौसानी में 8वीं बुरांश लैंडस्केप फोटोग्राफी कार्यशाला तीसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को कार्यशाला के प्रतिभागियों ने सोमेश्वर घाटी में स्थित बिजुरिया गांव की सुंदरता को अपने कैमरे में कैद किया।
लखनऊ के विख्यात छायाकार अनिल रिसाल, इंदौर के गुरदास दुआ, जयपुर के उमेश गोगना, नैनीताल के अनूप साह और कौसानी के प्रसिद्ध छायाकार थ्रीश कपूर के सानिध्य में छायाकारों ने गांव के रहन-सहन, खेतीबाड़ी और वहां की खूबसूरती का अवलोकन कर खूबसूरत चित्र कैमरे में कैद किए। छायाकारों ने सोमेश्वर से लगे गिरीछीना घाटी की खूबसूरती को भी कैमरे में कैद किया।
विख्यात छायाकार अनूप साह और उमेश गोगना ने प्रतिभागियों को सुंदर लैंडस्केप बनाने के गुर सिखाए। अनिल रिसाल और गुरदास दुआ ने छायाकारों को प्रकृति में मौजूद रंग और उनकी बनावट को किस तरह कैमरे में कैद करना है। इसके गुर सिखाए। शाम की कार्यशाला में इंदौर के प्रसिद्ध छायाकार गुरदास दुआ ने कार्यशाला में फूड प्रोडक्ट को किस तरह बनाना और कैसे उसका चित्रण करना चाहिए यह प्रतिभागियों को सिखाया।
अल्मोड़ा के छायाकार चेतन कपूर ने लैंडस्केप ऑफ कुमाऊं विषय पर बनाया स्लाइड शो किया गया। जिसमें कुमाऊं की खूबसूरती को प्रदर्शित किया गया है। छायाकार कौसानी और आसपास के क्षेत्रों की खूबसूरती को देखकर मंत्रमुग्ध हैं।