कांडा (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के गांवों में प्याज की फसल पर झुलसा रोग पैदा हो रहा है। किसानों की शिकायत के बाद उद्यान विभाग की टीम देवलेत और नरगोली गांव पहुंची। खेतों का निरीक्षण कर किसानों को रोग से बचाव की जानकारी दी और निशुल्क दवा बांटी।
विज्ञापन
देवतोली और नरगोली गांव में प्याज के विकसित हो रहे पौधे अचानक काले पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल से प्याज में इस तरह की बीमारी दिख रही है। पहले प्याज के तने का ऊपरी हिस्सा काला पड़ता है, धीरे-धीरे पूरा पौधा ही काला होकर मुरझा जाता है। बीमारी से लगातार प्याज के पौधे झुलस कर खत्म हो रहे हैं। मेहनत पर पानी फिरता देखकर किसानों ने उद्यान विभाग से मदद मांगी। शुक्रवार को उद्यान सचल दल केंद्र प्रभारी कमल पंत और उद्यान सहायक देवेंद्र रावत ने दोनों गांवों का भ्रमण कर प्याज की पौध का निरीक्षण किया। किसानों को दवा वितरण कर छिड़काव की तकनीक और झुलसा रोग से फसल को बचाने के तरीके बताए। संवाद