बागेश्वर। हड़बाड़ ग्राम पंचायत का बचीगांव तोक सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों ने सड़क की मांग के लिए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
बचीगांव की दूरी हड़बाड़ से पांच किमी है। गांव तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को यह दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने कहा कि वाहन सुविधा नहीं मिलने से विद्यालय जाने वाले बच्चों और रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं बनने के विरोध में ग्रामीणों ने पिछले चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया था, तब प्रशासन ने जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। अब तक सड़क बनाने की कवायद शुरू नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है। इस मौके पर मोहन लाल, जगदीश चंद्र, हीरा राम, काशी राम, शंकर लाल आदि मौजूद रहे।