बागेश्वर। जिले में तीसरे दिन बारिश का दौर थमा। लगातार हुई बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया जबकि आठ घरों के आंगन क्षतिग्रस्त हो गए। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
जिले में लगताार हुई बारिश से कठपुड़याछीना के बौड़ी गांव निवासी बहादुर राम पुत्र दुर्गा राम का आवासीय मकान ध्वस्त हो गया। बारिश से किड़ई गांव के महेश सिंह पुत्र धरम सिंह, बारड़ीगांव के जगदीश चंद्र पुत्र त्रिलोक चंद्र, गडेरा के जगदीश राम पुत्र हरी राम, बौड़ी के भगवान सिंह पुत्र आन सिंह, सिया की रमा देवी पत्नी भूपाल सिंह के घरों आंगन टूट गए।
इनके अलावा करासीबूंगा गांव के अजय कुमार पुत्र भूपाल राम, गैर सकीड़ा के सुरेश चंद्र पुत्र मदन राम और उडेरखानी के अजय टम्टा पुत्र दिनेश कुमार के घरों के आंगन ढह गए। वहीं सोमवार सुबह तक कपकोट में 55 मिमी, बागेश्वर में 52 मिमी और गरुड़ में 33 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आठ सड़कों पर बाधित रहा यातायात, 10 हजार की आबादी प्रभावित
बागेश्वर। जिले की तीन सड़कों पर लंबे समय से यातायात ठप है। बारिश से पांच अन्य सड़कों पर भी यातायात बाधित हो गया। लगातार बारिश से कमेड़ीदेवी-भैसुड़ी, विजयपुर-भटगाड़-रणकांडे, बड़ी पन्याली, बैजनाथ-तिलसारी और सूपी-झूनी सड़क पर यातायात बाधित हो गया, जबकि कठपुड़ियाछीना-नायलमाफी और काफलीकमेड़ा सड़क जुलाई से बंद है। शामा-रामगंगा पुल सड़क भी अगस्त से बंद है। सड़कों के बंद रहने से 10 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो गई है।