बागेश्वर। अतिक्रमण के शिकार बागेश्वर नगर में सोमवार को सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया था। जाम के कारण वाहन संचालकों के साथ आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सप्ताह का पहला दिन होने के कारण सोमवार को जिला मुख्यालय में भीड़भाड़ रहती है। ग्रामीण क्षेत्र से लोग सरकारी कार्यालयों, बैंक, पोस्ट आफिस काम के लिए आते हैं। अन्य दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या भी अधिक रहती है। सोमवार को गोमती पुल, एसबीआई तिराहा, मालरोड, पिंडारी रोड, कांडा रोड में कई बार जाम लगा। जाम की समस्या से सुबह दफ्तरों को जाने वाले कर्मचारियों को भी दिक्कत हुई। लोगों को काफी देर तक जाम में फंसना पड़ा। पुलिस को जाम खोलने के लिए मेहनत करनी पड़ी।
दोपहर तक पल-पल में जाम लगता रहा। नगर अति़क्रमण की चपेट में है। अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है। सड़क की दीवारों के ऊपर तक अतिक्रमण कर इमारतें खड़ी कर दी गई हैं। यह जाम की असली वजह है। डीएम/प्रशासक नगरपालिका अनुराधा पाल का कहना है कि फिलहाल नगर की सड़कों से अस्थायी अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया है। भविष्य में स्थायी अतिक्रमण पर भी कार्रवाई होगी।