अल्मोड़ा/बागेश्वर। डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) नैनीताल से आए 12 सदस्यीय प्रशिक्षुओं ने सोमवार को अल्मोड़ा, बागेश्वर के जिला स्तरीय अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ अनुभव साझा किये।
बहुउद्देश्यीय भवन सभागार अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ मनुज गोयल ने उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि दो ग्रुपों में विभाजित प्रशिक्षु अल्मोड़ा के दो विकासखंडों में लमगड़ा के ग्राम बजेटी और सल्ट के ग्राम चमकना का स्थलीय निरीक्षण कर वहां कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी लेंगे। इस दौरान एसडीएम मोनिका, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, डीडीओ केके पंत, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी आदि थे।
वहीं एटीआई नैनीताल में प्रशिक्षण ले रहे नौ सदस्यीय प्रशिक्षु पीसीएस अधिकारियों का दल आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत ग्राम अध्ययन के लिए सोमवार को बागेश्वर पहुंच गया है। प्रशिक्षु अधिकारी 29 फरवरी तक विकासखंड बागेश्वर और कपकोट के गांवों में भ्रमण करेंगे।
प्रशिक्षु अधिकारियों के दल ने विकास भवन में सीडीओ डीडी पंत से भेंट की। बताया कि गांवों में जाकर अधिकारी सड़क, पानी, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाएंगे।
एडीएम राहुल कुमार गोयल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को कार्य की दक्षता पर विशेष ध्यान देना होता है। इसके लिए हर कार्य में तालमेल का भाव जरूरी है। प्रशिक्षु अधिकारियों में जितेंद्र वर्मा, निहारिका सेमवाल, अमित जैन, अंकिता जोशी, विमल रावत, तनवीर सिंह मारवाह, विवेक सिंह कुटियाल, आशीष कुमार खुदलानी, प्रणव कुमार शामिल हैं।