बागेश्वर। कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम राहुल कुमार गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 22 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं।
ग्राम बहेड़ी के गंगा दत्त जोशी ने अपने पुत्र रोहित जोशी (20) के अक्तूबर 2019 से लापता होने का मामला उठाया। बताया कि उनका पुत्र अल्मोड़ा के एक होटल में काम करता था। अक्तूबर में वह रुद्रपुर गया, अपने स्कूल के सर्टिफिकेट एक दुकान पर छोड़कर कहीं चला गया। तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। कहा कि पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए स्थानीय कोतवाली गया, वहां रिपोर्ट नहीं लिखी गई। एडीएम ने रिपोर्ट दर्ज कराने का भरोसा दिलाया।
विद्यालय प्रबंधन समिति प्राथमिक स्कूल सेली शामा ने एकल शिक्षक को संबद्ध करने का विरोध किया। पुरड़ा गरुड़ के रणजीत सिंह ब्लॉक मुख्यालय, तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर पुल बनाने की मांग की। तड़ीगांव के प्रदीप कुमार लीसा रॉयल्टी की राशि वन पंचायत को न दोने के मामला उठाया। नुमाइशखेत की रजिया बेगम जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया।
कपकोट-हरसीला मोटर मार्ग के डामरीकरण, ग्राम पंचायत लेटी के लोगों के नाम जमीन दर्ज कराने का मामला उठा। नान कन्यालीकोट के मोहन राम ने तुन के पेड़ और बिजली के तारों से मकान को खतरा होने का मामला उठाया।