बागेश्वर में मंगलवार की सुबह छाया कोहरा।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बागेश्वर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के कार्यालय भवन निर्माण की उम्मीद जग गई है। भवन के लिए जिला मुख्यालय में जमीन चयनित कर ली गई है। एआरटीओ कार्यालय जिला गठन के बाद से निजी भवन में संचालित होता है। इससे तमाम कामकाज प्रभावित होते हैं।
वर्तमान में एआरटीओ कार्यालय मल्ला बिलौना में किराये के भवन में चलता है। अपना परिसर न होने से चालकों की परीक्षा लेने में दिक्कत आती हैं। सड़क पर ड्राइविंग टेस्ट लेना पड़ता है। कार्यालय के अन्य कार्य भी प्रभावित होते हैं।
विभाग ने एआरटीओ कार्यालय निर्माण के लिए कांडा रोड के गाड़गांव में 0.595 हेक्टेयर जमीन चयनित की है। चयनित जमीन में कुछ हिस्सा वन भूमि का आ रहा है। वन भूमि निस्तारण की पत्रावली तैयार की जा रही है। वन विभाग के माध्यम से भूमि को वन अधिनियम से मुक्त करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
भूमि के कागज तैयार कर लिए गए हैं। वन भूमि निस्तारण के लिए पत्रावली तैयार की जा रही है। वन भूमि हस्तांतरण के लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के नोडल कार्यालय को भेजा जाएगा। भूमि वन मुक्त होने के बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-निखिल शर्मा, एआरटीओ