बागेश्वर। जिला मुख्यालय के नजदीक जौलकांडे में ब्रिटिश काल में बने वन विभाग के जीर्ण-शीर्ण क्रू-स्टेशन ने जिले के मॉडल क्रू स्टेशन का रूप ले लिया है। बुधवार को परिवहन, समाज कल्याण मंत्री चंदन राम दास ने 19 लाख रुपये की लागत से बने क्रू स्टेशन का लोकार्पण किया।
मंत्री दास ने मॉडल क्रू-स्टेशन बनने पर क्षेत्रीय जनता और वन विभाग को बधाई देते हुए कहा कि जिस उद्देश्य के लिए क्रू-स्टेशन का निर्माण हुआ है, वह उद्देश्य अवश्य पूर्ण होगा। वन संपदा का संरक्षण होगा, जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने वन संपदा बचाने और वनाग्नि नियंत्रण के लिए जनप्रतिनिधियों और जनता से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि जन सहभागिता से ही जंगलों को बचाया जा सकता है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि वाहन दुर्घटना कम से कम हों, सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है। ग्रामीणों को दुर्घटना के दौरान किए जाने वाले बचाव कार्य का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि दुर्घटना के समय संबंधित क्षेत्र के लोग तुरंत घायलों की सहायता और उपचार कर सकें। उन्होंने कहा जौलकांडे सड़क के 7.5 किमी हिस्से में डामरीकरण को मंजूरी मिली है। जौलकांडे से आगे दो किमी सड़क स्वीकृत की गई है। बोरगांव की सड़क में भी दो किमी डामरीकरण शीघ्र किया जाएगा। विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि कू-स्टेशन में आधुनिक उपकरण रखे गए षहैं। उपकरणों का लाभ जंगलों की आग बुझाने में मिलेगा। डीएम विनीत कुमार ने कहा कित उत्तराखंड आपदा क्रोन प्रदेश है। इसमें वनाग्नि भी शामिल है, इसलिए वनाग्नि बुझाने में सभी की अहम भूमिका होती है। डीएफओ हिमांशु बागरी ने आग बुझाने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल, पूर्व मंत्री बलवंत भौर्याल, उप प्रधान नैना लोहनी, सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा, रेंज अधिकारी श्याम सिंह करायत आदि थे।
अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस देने के आदेश
बागेश्वर। सूबे के परिवहन, समाज कल्याण मंत्री चंदन राम दास ने बैठक में बगैर बताए अनुपस्थित रहने पर लोनिवि, पीएमजीएसवाई, लघु सिंचाई विभाग के ईई, पीआरओ और डेयरी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश डीएम को दिए। मंत्री ने गरूड़-द्यौनाई सड़क, हरीनगरी-नौगांव, कोइना-झिरौली सड़कों पर अभी तक कार्य न होने पर नाराजगी व्यक्त की। जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र सेक्टर के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री दास ने लोनिवि, सिंचाई, पेयजल निगम के अधिकारियों को तीन दिन अवशेष कार्यों को पूरा कर कार्य की प्रगति और लंबित कार्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
एनएच के अभियंता को बागेश्वर बाजार के हनुमान मंदिर के पास सड़क तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। सभी तहसीलों में आधारकार्ड सेंटर संचालित करने के निर्देश डीएम को दिए। विधायक सुरेश गढ़िया ने अधिकारियों से कहा कि खानापूर्ति नहीं चलेगी। वहां पर ब्लॉक प्रमुख गोविंद दानू, पुष्पा देवी, हेमा बिष्ट आदि थीं।