बागेश्वर के खरही मंडल भ्रमण के दौरान बुजुर्ग ग्रामीण से गले मिलते कैबिनेट मंत्री दास। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का खरही मंडल भ्रमण के दौरान कई जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मंत्री दास ने ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं को लघु और कुटीर उद्योग लगाकर स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही। काफलीगैर डिग्री कॉलेज की स्थापना सहित क्षेत्र के प्रमुख समस्याओं का इस वर्ष के अंत तक निदान करवाने का वादा किया।
कैबिनेट मंत्री दास के भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत तहसील मार्ग पर हुए स्वागत समारोह से हुई। बागेश्वर से रवाना होकर मंत्री दास ने पौड़ी बैंड, चौगांवछीना, पालड़ीछीना, झिरौली मैग्नेसाइट फैक्टरी, काफलीगैर, रीठागाड़, धूराफाट, कठपुड़ियाछीना, खरही मंडल के गांवों का भ्रमण किया। पौड़ीबैंड में प्राइमरी स्कूल गौलाआगर के नन्हें बच्चों ने फूल देकर मंत्री का स्वागत किया। दास ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ने और बड़े होकर समाजहित में काम करने के लिए कहा। पालड़ीछीना में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के पुत्र फतेह सिंह करायत ने उन्हें पालड़ीछीना-जैनकरास मोटर मार्ग का निर्माण कर डामरीकरण के लिए ज्ञापन दिया। कैबिनेट मंत्री ने मई-जून तक डामरीकरण कराने और जल्द ही अवशेष सड़क कटान कराने का आश्वासन दिया। अल्मोड़ा मैग्नेसाइट कंपनी झिरौली के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्व में फैक्टरी को संचालित करवाने के लिए किए गए प्रयास के लिए आभार जता मंत्री का स्वागत किया। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मंत्री दास ने बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं को क्षेत्र के समुचित विकास के लिए कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री पद मिलने के बाद उनकी जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं, लेकिन अब उनके पास कुछ अधिकार भी हैं। इनका सदुपयोग कर वह लंबे समय से चली आ रही पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य समस्याओं का निदान करवाने के लिए कार्य करेंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, खरही मंडल अध्यक्ष रवि करायत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मनोज ओली, भुवन चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।