बागेश्वर के विकास भवन सभागार में बैठक लेतीं डीडीओ संगीता आर्या। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में मंगलवार से 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के लिए जिले में तीन से सात जनवरी तक टीकाकरण महा अभियान चलेगा। इसके लिए शासन से मिले लक्ष्य 13,911 के सापेक्ष 12,951 किशोरों को कोविड से बचाव के टीके लगाए जाने हैं। इसके लिए 88 केंद्र बनाए गए हैं। एक दिन में तीन हजार से अधिक किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता डीडीओ संगीता आर्या ने की। बताया कि अभियान के तहत डीडीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन कर अधिकतम बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए कहा। बताया कि तीन जनवरी से शुरू हो रहे अभियान में अधिकतम छात्र संख्या वाले स्कूलों को चिह्नित किया गया है। इसके लिए 33 साइटों में टीकाकरण कराया जाएगा। चार जनवरी को 22, पांच जनवरी को 27 केंद्रों में टीके लगेंगे। छह और सात जनवरी को ऐसे बच्चों का टीकाकरण होगा, जो विद्यालय नहीं आते हैं।
उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग से ऐसे किशोरों को आशा और एएनएम के माध्यम से चिह्नीकरण कर टीके लगाने के लिए कहा। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। ताकि समय पर लक्ष्य पूरा किया जा सके। बैठक में नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. प्रमोद जंगपांगी, डॉ. हरीश पोखरिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास अनुलेखा बिष्ट आदि रहे।