संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। कपकोट के सीरी गांव में मकान में आग लगने से घर में रखा सामान जल गया। गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे सीरी गांव के हिम्मत सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते मकान आग की लपटों में घिर गया। मकान से भीषण लपटें उठती देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक घर पर रखा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
गांव के प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पूर्व करीब 6 महीने पहले भी इसी ग्रामीण के मकान में आग लगी थी। तब भी मकान कोे भारी नुकसान पहुंचा था। ग्रामीण ने मकान की मरम्मत कराई ही थी कि दोबारा मकान में आग लग गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है। कहा है कि ग्रामीण को मुआवजा न मिला तो वह मकान की मरम्मत नहीं करा पाएगा।
आग बुझाने में ग्राम प्रधान पान सिंह, प्रवीण सिंह, नंदन सिंह, हर सिंह, कमल सिंह समेत तमाम अन्य ग्रामीण शामिल थे।