बागेश्वर के तहसील परिसर में लगी आग बुझाते फायर सर्विस के कर्मचारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिले में जंगलों के जलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव थापली के जंगल में आग लगने से वन संपदा को नुकसान हुआ है। वहीं, तहसील परिसर में झाड़ियों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर गई और आग को काबू किया। थापली के जंगलों में लगी आग वन कर्मियों ने बुझाई। शनिवार की सुबह तहसील परिसर में दीवार के पास उगी झाड़ियां अचानक धधकने लगी। आग तेजी से फैलते हुए आसपास के पेड़-पौधों को जलाने लगी। दूसरा शनिवार होने के कारण तहसील में अवकाश था, जिसके कारण चहलपहल कम थी। तहसील परिसर में बने आवास में रहने वाले कर्मचारियों के परिवारों ने आग को देखा और फायर सर्विस को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और मिनी प्रेशर की मदद से आग बुझाई। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि झाड़ियों में आग लगी थी, जिसे समय रहते काबू कर लिया गया और किसी तरह का नुकसान होने से बच गया।
इधर, थापली गांव के जंगल में आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। रेंजर श्याम सिंह करायत ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचालियों ने मौके पर जाकर आग बुझाई। वहीं कपकोट और धरमघर रेंज में शुक्रवार को भारी बारिश होने से जंगलों को आग से राहत मिली है।