Fallowup for death of Baby in Kanda
कांडा (बागेश्वर)। सीएमओ सुनीता टम्टा ने कांडा सीएचसी में 22 फरवरी को हुई नवजात की मौत मामले में जांच बैठा दी है। सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) स्तर के अधिकारी मामले की जांच करेंगे।
कांडा के कांडे कन्याल निवासी ललित प्रसाद पुत्र जोगा राम ने नवजात की मौत के लिए अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया था। उनका कहना था कि 21 फरवरी की रात जब वह प्रसव पीड़िता पत्नी को अस्पताल लाए तो आपातकालीन कक्ष में कोई डॉक्टर नहीं था। प्रभारी चिकित्साधिकारी को फोन करने पर एक नर्स आई। उसने प्रसव कराया। बच्चा पैदा हुआ। जन्म के बाद बच्चा मां का दूध नहीं पी सका। घर से दूध मंगाकर नवजात को दूध पिलाया। उन्होंने नर्स पर बच्चे की गर्दन पकड़कर पेट से निकालने का कथित आरोप लगाते हुए राज्य एससी आयोग से भी शिकायत की है।
इस मामले में सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा का कहना है कि उन्होंने प्रकरण पर जांच बैठा दी है। एसीएमओ स्तर के अधिकारी जांच करेंगे। पहले ब्लॉक स्तरीय जांच होती है। जांच रिपोर्ट मिलने पर जिला स्तर पर मामले की पड़ताल की जाएगी। सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच होगी। किसी की गलती पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।