जिला प्रशासन ने आचार सहिंता और थाना बैजनाथ की रिपोर्ट पर उत्तरायणी मेला कमेटी बैजनाथ को मेले के आयोजन की अनुमति देने से इंकार कर दिया। मेला कमेटी की पहल पर बैजनाथ और गढ़सेर की महिलाओं ने बैजनाथ में कलश यात्रा निकाली। बैजनाथ में शनिवार को प्रात: पांच बजे स्नान होगा।
उत्तरायणी मेला कमेटी बैजनाथ के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष और मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने पहली बार बैजनाथ में उत्तरायणी मेले का आयोजन करने का निर्णय लिया था। मेला कमेटी ने अपने स्तर से मेले की सारी तैयारियां पूरी कर दी थीं। मेला कमेटी के अध्यक्ष नवीन ममगई और टीट बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी ने आयोजन की अनुमति के लिए डीएम और एसपी को लिखा था। जिले में चुनाव आचार संहिता लगने और शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स नहीं होने की बैजनाथ थाने की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन ने मेले के आयोजन की अनुमति मेला कमेटी को नहीं दी। मेला कमेटी की पहल पर बैजनाथ और गढ़सेर की महिलाओं ने बैजनाथ में कलश यात्रा निकाली।
मेला कमेटी के अध्यक्ष नवीन ममगई ने बताया कि बैजनाथ में शनिवार प्रात: पांच बजे से स्नान होगा। कमेटी ने मंदिर प्रांगण में माघ की खिचड़ी का आयोजन रखा है। मेला न होने के बावजूद शिव भक्तों ने मंदिर में पूजा की। एसडीएम एनएस नग्न्याल ने बताया कि आचार सहिता के चलते मेले के आयोजन की अनुमति देना संभव नहीं था।