कौसानी (बागेश्वर)। पर्यटन नगरी के नाम से मशहूर कौसानी में पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। कोसी नदी का जलस्तर गिरने से नल सूख चुके हैं। नगर में कहने को नौ हैंडपंप लगे हैं, लेकिन कोई भी लोगों की प्यास बुझाने के काम नहीं आ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान से पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन
कौसानी बाजार और गांव के लिए कोसी नदी से पेयजल योजना बनी है। पर्यटन नगरी होने के चलते कौसानी में साल भर पर्यटकों की आवाजाही लगी रहती है। बाजार में 40 से अधिक होटल-मोटल हैं। हर साल गर्मी आते ही क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से होटल कारोबारियों और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष और होटल कारोबारी बबलू नेगी बताते हैं कि कौसानी के पर्यटक आवास गृह मार्ग और भतड़िया मार्ग पर तीन-तीन और गरुड़ मार्ग पर दो हैंडपंप लगे हैं, लेकिन लोगों को इनसे पीने का पानी नहीं मिल रहा है। कौसानी के मेन चौराहे पर लगा हैंडपंप एक साल से खराब है। अन्य हैंडपंप भी या तो खराब पड़े हैं या उनमें से गंदा पानी निकल रहा है। लोगों को पेयजल जुटाने के लिए प्राकृतिक स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
विज्ञापन
Iनदी का जलस्तर कम होने से कौसानी के छानी में बने पंप हाउस तक पानी नहीं पहुंच रहा है। निरीक्षण के बाद नदी में अस्थायी बांध बनाकर पंप तक पानी को डायवर्ट कर दिया गया है। खराब पड़े हैंडपंपों की जानकारी जुटाकर उनकी मरम्मत के लिए टीम बुलाई जाएगी।