बागेश्वर में मतदान प्रक्रिया में लगाए गए अधिकारियों को संबोधित करते जिला निर्वाचन अधिकारी। विज?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम विनीत कुमार ने पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से कहा है कि आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी होते ही हम सभी निर्वाचन आयोग के अधीन हो जाते हैं। हमारा प्रथम दायित्व निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराना है। साथ ही मतदान की गोपनीयता भी बनाए रखनी है।
डिग्री कॉलेज में चल रहे प्रशिक्षण के तीसरे दिन जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्यों में त्रुटि क्षमा नहीं की जाती है। इसलिये सभी मतदान कार्मिक भली-भांति प्रशिक्षण लें और आयोग के निर्देशों का अनुपालन करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में 50 प्रतिशत बूथों की वेब कास्टिंग होनी है। जिन पर सीधे निर्वाचन आयोग की नजर होगी, इसलिये सभी मतदान कर्मी दिए जा रहे प्रशिक्षण को ध्यान से सुने और ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण भलीभांति ले लें।
कहा कि मतदान कर्मी तटस्थ होकर कार्य करेंगे, किसी का भी आतिथ्य स्वीकार नहीं करेंगे। बूथ पर ही रात्रि विश्राम करना सुनिश्चित करेंगे। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी प्रशिक्षण संजय सिंह, मास्टर ट्रेनर दीप जोशी आदि थे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने डिग्री कॉलेज में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। वहां पर एसपी अमित श्रीवास्तव, डीडीओ संगीता आर्या, एसीएमओ डॉ. हरीश पोखरिया आदि थे।