बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश अब अंतिम चरणों में हैं। विवि ने समर्थ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची जारी कर दी है। मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थी 25 जुलाई तक प्रवेश के लिए परिसर में पहुंच सकते हैं।
पंडित बीडी पांडेय परिसर में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। परिसर में बीए में 480 के सापेक्ष 396, बीकॉम में 80 के सापेक्ष 52, बीएससी पीसीएम में 80 के सापेक्ष 66 और बीएससी पीसीबी में 80 के सापेक्ष 80 अभ्यर्थियों का मेरिट सूची में चयन हुआ है। परिसर प्रशासन की ओर से मेरिट सूची को समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। सूची में चयनित अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों के साथ संबंधित संकायवार गठित समिति के समक्ष प्रस्तुत करने होगें।
निर्धारित तिथि तक प्रवेश प्रक्रिया नहीं करने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थी आवेदन के लिए कोई दावा नहीं कर सकते हैं। परिसर के निदेशक डॉ. गिरीश चंद्र साह ने बताया कि सभी आवेदनकर्ता जिनका नाम मेरिट सूची में है, वे निर्धारित तिथि तक प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश तिथि समाप्त होने के बाद आवेदन निरस्त माना जाएगा।