बागेश्वर में लोनिवि के ईई को ज्ञापन देते मंडलसेरा के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मंडलेसरा वार्ड के लोगों ने आंतरिक सड़क के निर्माण की मांग तेज कर दी है। करीब 15 वर्ष पहले स्वीकृति के बावजूद मार्ग का निर्माण न होने से लोगों में नाराजगी है। वार्ड निवासियों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता (ईई) कार्यालय में ज्ञापन देकर जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की।
मंडलसेरा और जीतनगर के लोगों का शिष्टमंडल सोमवार को लोनिवि के ईई कार्यालय पहुंचा। वार्ड निवासियों ने इंजीनियरों को बताया कि मंडलसेरा के विवेकानंद इंटर कॉलेज के पास से जीतनगर के लिए आंतरिक सड़क का निर्माण न होने से वार्ड के लोगों को परेशानी हो रही है। बताया कि करीब 12 वर्ष पहले मोटर मार्ग की सर्वे के बाद सीमांकन भी कर लिया गया था।
जीतनगर से सूरजकुंड तक बनने वाली पुल की घोषणा और शिलान्यास भी कर दिया गया। सड़क के लिए भूमि मालिकों ने एनओसी भी दे दी। इसके बावजूद सड़क का काम शुरू नहीं हुआ। कहा कि वार्ड की आबादी लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क न बनने से लोगों को भारी सामान लाने और ले जाने में परेशानी हो रही है।
मरीजों को अस्पताल लाने में अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। वार्डवासियों ने कहा कि कई बार सड़क को लेकर ज्ञापन दिए गए हैं। अगर जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रताप सिंह भंडारी, कैलाश चंद्र जोशी, रक्षित लोबियाल, सोबन सिंह, रमेश रावत, भूपाल सिंह आदि थे।