तीन बस डिपो में और तीन काठगोदाम में खड़ी, तीन रूटों पर बाधित रही सेवा
बागेश्वर। रोडवेज डिपो की बसों के खराब होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। आए दिन बसों के खराब होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली से अठपैसिया जा रही बस मनकोट के पास खराब हो गई। यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य तक जाना पड़ा। वर्तमान में डिपो की सात बस खराब हैं और तीन रूटों पर सेवा बाधित है।
बुधवार को दिल्ली से कांडा के अठपैसिया जा रही बस बागेश्वर स्टेशन से 12:30 बजे रवाना हुई। बस में 16 यात्री सवार थे। जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी की दूरी तय करने के बाद मनकोट के समीप बस खड़ी हो गई। लंबी दूरी कर आ रहे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। टैक्सियों के सहारे यात्रियों ने आगे की दूरी तय की। डिपो की तीन बस खराब होकर काठगोदाम में खड़ी हैं जबकि तीन बस डिपो में खराब होकर खड़ी हैं। बसों की कमी से दिल्ली-मुनस्यारी, बागेश्वर-मुनस्यारी और बागेश्वर-धरमघर रूट पर बस सेवा बाधित रही। इधर, रोडवेज के स्टेशन इंचार्ज केबी उपाध्याय ने बताया कि मनकोट में खराब हुई बस की मरम्मत के लिए मैकेनिक को भेजा गया है। अन्य बसों की मरम्मत का काम भी जारी है।