कपकोट/बागेश्वर। कपकोट तहसील क्षेत्र के तोली गांव के गर्जिल जंगल में बिजली गिरने से दरवान सिंह की दस बकरियों की मौत हो गई। दरवान ने शुक्रवार को घटना की सूचना कपकोट तहसील में दी। प्रभारी तहसीलदार देवेंद्र कुमार लोहनी ने बताया कि सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक और राजस्व कर्मी मौके पर गए हैं। पशुओं की मौत के कारणों की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर मानक के मुताबिक संबंधित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
मल्ली मिरई में वायरल से कई पशुओं की मौत
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मल्ली मिरई में वायरल से कई लोगों के पशु बीमार हैं जबकि 12 से अधिक पशु मर चुके हैं। बीमारी से पशुओं के गले में गांठ बन रही है। पेट फूल रहा है। चारा छोड़ने के बाद पशु मर जा रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल गांव में शिविर लगाकर पशुओं का उपचार कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने पशुओं में लंपी रोग की आशंका जताई है जबकि पशु चिकित्सकों ने इसे वायरल बताया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मल्ली मिरई निवासी गिरधर सिंह, दीवान सिंह, दयाल सिंह समेत इसी ग्राम पंचायत के तोक पूर्णिया निवासी नवीन सिंह नेगी, भूपाल सिंह नेगी, महेंद्र सिंह नेगी, ख्याली राम, हीरा सिंह, जसवंत सिंह, जानकी देवी, पंकज सिंह, हरीश नेगी की गाय बीमारी से मर चुकीं हैं। पशुपालकों ने बताया कि इस बीमारी में पशुओं के पैरों में सूजन आ रही है, गले में गांठ और पेट फूल रहा है, जिसके बाद पशु चारा छोड़ मर जा रहे हैं। पशुपालकों ने शीघ्र गांव में कैम्प लगाकर इस बीमारी से निजात दिलाने की मांग की है।
पशुचिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप मौर्य ने बताया कि गांव में शिविर लगाकर दवाइयां बांटीं गईं हैं। पशुओं में सिर्फ वायरल बीमारी है। लंपी रोग के लक्षण नहीं हैं। जो पशुपालक नियमित दवाइयां खिला रहे हैं उनके पशु ठीक हो रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर फिर से शिविर लगाया जाएगा।