कांडा (बागेश्वर)। सिमकूना (कांडा) डाकघर में कार्यरत पोस्टमैन का शव तीसरे दिन भद्रपति गधेरे के किनारे बरामद हुआ। पोस्टमैन बीते 18 अक्तूबर से लापता था।
ग्वाड़ी निवासी हरीश लाल ने 19 अक्तूबर को कांडा पुलिस को जानकारी दी कि उनका भाई संजय कुमार (45) पुत्र चंद्र राम सिमकूना डाकघर में पोस्टमैन के पद पर तैनात था। 18 अक्तूबर को सिमकूना से घर लौटते समय वे भद्रपति गधेरे से लापता हो गए थे। उन्होंने पोस्टमैन के भद्रपति गधेरे में बहने की आशंका जताई थी। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार को ग्वाड़ी से पांच किमी दूर भद्रपति नदी के किनारे सिवौट नामक स्थान पर संजय का शव बरामद किया। शव गधेरे के किनारे पेड़ की आड़ में अटका था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।