बागेश्वर। स्वीकृति के बाद भी बागेश्वर जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने में काफी देरी हो रही है। वर्ष 2021 में अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए विश्व बैंक ने पांच करोड़ की रकम स्वीकृत की है। हाल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए टेंडर भी हो गए थे। लोगों को सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने का इंतजार है।
बागेश्वर जिले में सीटी स्कैन की सुविधा न होने से हादसों, दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए वर्ष 2021 में तत्कालीन विधायक चंदन राम दास ने विधायक निधि से सीटी स्कैन मशीन लगाने का फैसला लिया। सीएमओ के माध्यम से इसका प्रस्ताव स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेजा गया। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने विधायक को जानकारी दी कि बागेश्वर में सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करने के लिए विश्व बैंक से धन की मांग की गई है। कुछ समय बाद स्वास्थ्य महानिदेशालय ने जानकारी दी कि बागेश्वर में विश्व बैंक की मदद से सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी। इसके लिए पांच करोड़ की रकम स्वीकृत की गई है।
विश्व बैंक की टीम ने कई बार जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रशासन ने पुराने एक्सरे कक्ष में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की व्यवस्था की। बीते महीने सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करने के लिए गुरुग्राम की ईएचआई कंपनी के नाम टेंडर भी हो गया लेकिन सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करने की कवायद धरातल पर नहीं उतरी है। बागेश्वर जिला आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है। इस लिहाज से भी सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करना बेहद जरूरी है।
सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया संपन्न हो गई है। गुरुग्राम की ईएचआई कंपनी के नाम टेंडर हुए हैं। कंपनी की टीम जल्द सर्वे के लिए बागेश्वर पहुंचेगी। इस माह के अंत तक सीटी स्कैन मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। -डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस, जिला अस्पताल, बागेश्वर।